जंगल जासूस 👉
हजूर 👉तराई में लकड़ी का खेल निराला!👉 जंगल में पेड़ खड़े, गोदामों में गिल्टे हाजिर👉बाजपुर की कथित बैठक से स्वार तक आखिर चल क्या रहा है?
हजूर 👉 तराई में लकड़ी का यह कारोबार भी किसी बॉलीवुड सस्पेंस थ्रिलर से कम नहीं! पेड़ जंगल में शान से खड़ा दिखता है, गिल्टे सीधे गोदामों में ‘प्रकट’ हो जाते हैं और जब कोई पूछ बैठे कि माल आया कहां से👉 तो पूरी कहानी में ऐसा ट्विस्ट आता है कि जासूस भी अपना सर पकड़ ले! सूत्रों के हवाले से चटपटी खबर है कि हाल ही में बाजपुर के एक होटल में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ रसूखदार ‘लकड़ी के सौदागरों’ की एक बढ़िया चाय👉नाश्ता मीटिंग निपटी है। चर्चाओं का बाजार गर्म है कि इस गुपचुप बैठक में आगामी पलुवा निस्तारण, अग्रिम मृदा कार्यों के तहत प्लॉटों की ‘सफाई’ और तराई के जंगलों से लकड़ी निकालने का पूरा नक्शा बनाया गया👉जिसमें उत्तर प्रदेश के स्वार का नाम बड़ी इज्जत से लिया गया । इस सीक्रेट मीटिंग की सरकारी मुहर लगनी भले बाकी हो, पर हजूर सवाल तो सीधा और करारा बनता है👉आखिर इस चाय-समोसा बैठक का असली एजेंडा क्या था और पलुवा निस्तारण के नाम पर जंगलों का ‘सूपड़ा साफ’ करने का यह कौन सा नया जादुई फॉर्मूला खोजा गया है?
हजूर 👉 अब जरा तराई के जंगलों से जुड़ी पुरानी जब्ती की रिपोर्टों और सरकारी आंकड़ों की चटपटी गठरी भी खोलकर देख लीजिए! केलाखेड़ा में वर्ष 2021 में एक भले आदमी के घर से खैर के 60 गिल्टे और गणेशपुर के फार्म हाउस से 200 गिल्टे ‘अतिथि’ बनकर विश्राम करते मिले थे। 2022 में खैर से लदी पिकअप सड़क पर पकड़ी गई, 2024 में गोदामों से अवैध माल निकला और 2025 में भी यह सिलसिला थमा नहीं। फिर आया जुलाई 2026, जब तराई पूर्वी वन प्रभाग की टीम ने बहेड़ी के एक गोदाम पर धावा बोलकर 25 घनमीटर खैर प्रकाष्ठ और 380 से अधिक गिल्टे बरामद किए। टांडा रेंज से 5 सागौन के गिल्टे मिले और बाजपुर की पहाड़ी कॉलोनी में तो टीम पर हमले का ड्रामा होने के बावजूद 30 नग लट्ठे हाथ लग ही गए। कभी घर में गिल्टे, कभी गोदाम में ढेर, तो कभी सड़क पर फर्राटा भरती गाड़ियां! हजूर, माल मिलने के ठिकाने तो सीजर मेमो में दर्ज हो गए, लेकिन गिल्टों की गिनती भी पूरी हो गई, कांटे पर वजन भी तुल गया👉मगर उस बदनसीब पेड़ का सटीक पता मिला या नहीं, जहां से यह कीमती लकड़ी गायब की गई थी?
हजूर 👉 लकड़ी के इस जादुई नेटवर्क के तार तराई के जंगलों से निकलकर दूसरे राज्यों की बड़ी मंडियों तक बड़े रौब से पहुंचते रहे हैं। दिसंबर 2025 में तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टीम ने सीमा पार हरियाणा के करनाल स्थित ‘केदार हर्बल इंडस्ट्रीज’ पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 14 पहिया बड़े ट्रक और परिसर से लगभग 250 क्विंटल खैर की लकड़ी (करीब 670 नग, कीमत लगभग 10 लाख रुपये) जब्त की थी। इससे पहले अप्रैल 2025 में रामपुर के स्वार मार्ग से हरियाणा के कुंडली की ओर दौड़ता खैर से लदा कैंटर पकड़ा गया था। भारी-भरकम 14 पहिया ट्रक, सैकड़ों क्विंटल वजन और कई राज्यों के टोल प्लाजा पार करती गाड़ियां! हजूर, ट्रक सड़क पर नाके पार करता हुआ पकड़ा गया, गिल्टों की हाजिरी रजिस्टर में लग गई👉मगर उस पेड़ का नाम किस डायरी में दर्ज हुआ, जिसकी लकड़ी इतनी लंबी यात्रा पर निकल गई थी?
हजूर 👉 काशीपुर के अलीखां क्षेत्र में सितंबर 2025 में करीब 15 क्विंटल खैर प्रकाष्ठ और सोख्ता बरामद होने का रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं अक्टूबर 2024 में जसपुर के पास एक आरा मशीन से साल के 40 गिल्टे पकड़े गए, अगस्त 2022 में मड़ुवाखेड़ा में तीन अवैध चिरान मशीनें जब्त हुईं और मई 2026 में सितारगंज के सिसौना में यूकेलिप्टस के 119 लट्ठे बरामद किए गए। कहीं किसी घर में लकड़ियों का डंप, कहीं गोदाम में माल, कहीं रातों-रात गूंजती चिरान मशीनें तो कहीं सड़कों पर दौड़ते वाहन! इन अलग-अलग मामलों के किरदार भले अलग हों, पर यक्ष प्रश्न एक ही है👉लकड़ी जिस चौराहे या गोदाम पर पकड़ी गई, उस जगह का पता तो कागजों में दर्ज हो गया, लेकिन जहां से हरी-भरी लकड़ी काटी गई, उस जंगल का नाम-पता किस तिजोरी में बंद है?
हजूर 👉 अब आते हैं उस मजेदार सच पर, जो इस पूरे खेल का असली क्लाइमैक्स है! दरअसल, लकड़ी का मूल स्रोत सामने न आने देना ही इस सिंडिकेट का सबसे बड़ा ‘मास्टरस्ट्रोक’ और सबसे मजबूत कवच है। हर कार्रवाई के बाद गाड़ियां सीज होती हैं, जुर्माने की पर्ची कटती है, वाहन शान से छूट जाते हैं और फाइलें अलमारी में आराम करने चली जाती हैं। लेकिन क्या कभी किसी मामले में लकड़ी के असली ‘जन्मस्थान’ की पहचान हुई? क्या संबंधित वन प्रभाग, रेंज, बीट और कंपार्टमेंट का पर्दाफाश हुआ? क्या जब्त लट्ठों का मिलान जंगल में बचे पेड़ों के ठूंठों से करने का कष्ट उठाया गया? हजूर, वजन कांटे पर चढ़ गया, गाड़ी का चालान कट गया👉अब उस बीट और कंपार्टमेंट का नाम भी कागजों पर चढ़ा या नहीं, जहां से कुल्हाड़ी चलाकर पेड़ की विदाई कर दी गई थी?
हजूर 👉 बाजपुर की कथित बैठक और स्वार से जुड़े नेटवर्क की जांच में आगे जो भी मसाला निकले, लेकिन तराई से लेकर हरियाणा तक फैली इस पूरी कहानी की कड़वी और चटपटी सच्चाई यही है। पलुवा निस्तारण, अग्रिम मृदा कार्य और प्लॉट सफाई के नाम पर कागजी ओढ़नी ओढ़कर जो खेल चल रहा है, उसमें लकड़ी कभी घर से मिलती है, कभी गोदाम से, तो कभी दूसरे राज्य की फैक्ट्रियों से। जंगल जासूस का सवाल बिल्कुल सीधा और मुस्कुराता हुआ है👉हजूर, लकड़ी का वजन मिल गया, गाड़ी का नंबर मिल गया, गोदाम का पता मिल गया 👉अब उस जंगल और बीट का पता भी बता दीजिए, जहां से पेड़ रातों-रात हवा हो गया! आखिर जब लकड़ी का पूरा इतिहास-भूगोल सामने आ जाता है, तो पेड़ का सरकारी रिकॉर्ड किस फाइल में दफन हो जाता है?



