हजूर 👉रेंजर साहब के नाक के नीचे ‘पेड़ गायब’, और महकमा कह रहा है👉 “हमें कुछ नहीं पता!”

 

 

जंगल जासूस 👉सूत्रों पर आधारित 👉

हजूर 👉रेंजर साहब के नाक के नीचे ‘पेड़ गायब’, और महकमा कह रहा है👉 “हमें कुछ नहीं पता!”

हजूर 👉रामनगर वन प्रभाग की ऐतिहासिक कालाढूंगी रेंज इन दिनों लापरवाही और नाकाबंदी के एक ऐसे खेल का अखाड़ा बन चुकी है, जिसने वन महकमे की चौकसी के दावों का पूरी तरह जनाज़ा निकाल दिया है। रेंजर साहब के सरकारी आवास से चंद कदमों की दूरी पर और ठीक उस मुख्य निकासी गेट के अंदर, जहां परिंदा भी पर न मार सके, आम के दो लहलहाते और विशाल पेड़ों को जड़ से साफ कर दिया गया। पेड़ कोई गाजर-मूली तो थे नहीं कि कोई जेब में रखकर ले जाता👉बाकायदा आरी चली, टन भर लकड़ी गाड़ियों में भूसे की तरह लादी गई और तस्कर मूंछों पर ताव देते हुए नौ-दो-ग्यारह हो गए। अब महकमा अपनी आंखें मूंदकर यह नौटंकी कर रहा है कि ‘तस्कर अज्ञात हैं!’ अरे हुजूर👉तस्कर अज्ञात तब होते जब वे आसमान से पैराशूट से उतरे होते, यहां तो उनके पैरों के निशान और कटे हुए ठूंठ खुद चीख-चीखकर महकमे के भीतर के ‘घर के भेदियों’ का सुराग दे रहे हैं।

हजूर 👉अगर कोई आम गरीब किसान या मजबूर ग्रामीण अपने ही खेत या आंगन में खड़े किसी सूखे पेड़ की एक लकड़ी काटने की सोच भी ले, तो वन विभाग के दरोगा और सिपाही डंडा लेकर उसकी छाती पर ऐसे चढ़ बैठते हैं मानो उसने कोई बड़ा जुर्म कर दिया हो। धाराओं, नोटिसों और कानूनी धमकियों का ऐसा खेल शुरू होता है कि आदमी जिंदगी भर का रोना रो पड़ता है। लेकिन कालाढूंगी रेंज के इस ‘वीवीआईपी’ और सुरक्षित परिसर में आम के दो हरे-भरे और भारी-भरकम पेड़ों का सूपड़ा साफ हो जाता है और मजाल है कि किसी संतरी, किसी गश्त करने वाले वन सिपाही या किसी वन अधिकारी को कानों-कान खबर तक हो जाए! पेड़ क्या खुद चलकर गाड़ी में बैठे थे? क्या लकड़ी के लट्ठों ने खुद जादू की छड़ी घुमाई और गेट पार कर गए? अगर यह सब दिन के उजाले में हुआ तो पहरेदारों की आंखें उस वक्त कहां टिकी थीं, और अगर रात के अंधेरे में यह ढोंग रचा गया तो ‘रात्रि गश्त’ का ढोल पीटने वाले उन वन सिपाहियों का हिसाब कौन लेगा जिन्हें जनता के टैक्स की कमाई से वेतन मिलता है?

हजूर 👉जब इस सनसनीखेज कारनामे की महक मीडिया के तेजतर्रार सूत्रों तक पहुंची और कटे हुए पेड़ों की जीपीएस लोकेशन व ताजा तस्वीरें सीधे प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ध्रुव सिंह मर्तोलिया के फोन पर धड़ाधड़ लैंड हुईं, तब जाकर महकमे के ठंडे पड़े खून में थोड़ी हलचल हुई। तस्वीरें देखते ही डीएफओ साहब खुद मौके पर दौड़े-दौड़े पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें कागजों की नहीं, बल्कि जमीन पर मुंडी लटकाए खड़े उन कटे हुए ठूंठों की दर्दनाक सच्चाई मिली, जो सीधे तौर पर विभागीय लापरवाही की गवाही दे रहे थे। बिना देर किए, डीएफओ ने रेंज अधिकारी जीवन उप्रेती को ‘कारण बताओ’ नोटिस थमाकर जवाब तलब कर लिया। मजेदार बात यह है कि रेंजर साहब को इस कुर्सी पर बैठे अभी बमुश्किल कुछ ही महीने ही हुए हैं, और उसी परिसर में रेंजर साहब का आवास और आसपास मे सरकारी बजट से मरम्मत और रंग-रोगन का तामझाम भी जोर-शोर से चल रहा है। अब जनता पूछ रही है कि क्या इन मरम्मत के काम की आड़ में ही आम के इन पेड़ों को काटने का यह ‘शुभ मुहूर्त’ निकाला गया था,

हजूर 👉मामला ज्यादा तूल न पकड़े, इसलिए विभाग ने आनन-फानन में ‘अज्ञात तस्करों’ के खिलाफ वन अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज करके अपने हाथ साफ करने की कोशिश की है। लेकिन हर कोई जानता है कि यह महज़ जनता की आंखों में धूल झोंकने की एक कवायद है। असली सवाल यह है कि उन दो विशाल आम के पेड़ों से निकली सैकड़ों किलो कीमती और महंगी लकड़ी इस वक्त उत्तराखण्ड के किस कोने में या किस आरा मशीन पर ठिकाने लगाई गई है? क्या उसे उसी संदिग्ध गाड़ी में लादकर किसी ठेकेदार की गोदाम में खपा दिया गया, या अभी भी क्या निकासी गेट के मे कोई वन कर्मचारी नहीं था ? क्या पिछले कुछ दिनों के सीसीटीवी फुटेज की एक-एक सेकंड की जांच हुई? क्या ड्यूटी पर तैनात उन संतरियों और कर्मचारियों को आमने-सामने बिठाकर कड़ाई से पूछताछ हुई? इन सारे कड़वे और तीखे सवालों के सामने आते ही महकमे के बड़े-बड़े साहबानों के मुंह पर ताले पड़ गए हैं।

हजूर 👉इस पूरे ड्रामे का सबसे बड़ा और हास्यास्पद सच यह है कि जो महकमा पूरे जिले के जंगलों में परिंदों तक पर नजर रखने का दम भरता है, वह अपने ही घर के आँगन में पेड़ कटने के बाद खुद को ‘अज्ञात’ की आड़ में छुपा रहा है। तस्कर भले ही कागजों में अज्ञात बने रहें, लेकिन उनके कुकर्मों के गवाह बने ये कटे हुए ठूंठ आज भी कालाढूंगी रेंज की चौखट पर वन विभाग की लाचारी का मखौल उड़ा रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि डीएफओ के नोटिस पर रेंजर साहब का कौन सा गोलमोल जवाब सामने आता है, वह गायब लकड़ी किसी के गुप्त तहखाने से बरामद होती है या नहीं, और इस भारी-भरकम निगरानी चूक के लिए आखिरकार किसकी जवाबदेही तय की जाती है। जंगल के बाहर कानून का पहरा देने का ढोंग करने वालों और भीतर कुल्हाड़ी चलाने वालों का यह जो खेल है, इसका पर्दाफाश अब केवल कागजी बयानों से नहीं, बल्कि सख्त से सख्त कार्रवाई से ही हो पाएगा!

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.